मोहाली: 26 Aug 2026 Fact Recorder
Punjab Desk : घड़ूंआं गांव में जमीन की खुदाई के दौरान चांदी के प्राचीन सिक्कों से भरा एक घड़ा मिलने की खबर से इलाके में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि गांव में लाइब्रेरी की नींव के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों को जमीन के अंदर से एक पुराना घड़ा मिला, जिसमें चांदी के सिक्के होने की बात सामने आई है।
घड़ा मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद लोगों ने खुदाई वाली जगह के आसपास मिट्टी हटाकर और अधिक सिक्के तलाशने शुरू कर दिए।
बताया जा रहा है कि कुछ लोग रात के समय टॉर्च की रोशनी में भी मौके पर सिक्कों की तलाश करते नजर आए। घटना के बाद गांव में प्राचीन सिक्कों और संभावित खजाने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, मिले सिक्कों की सही संख्या, उनकी उम्र और ऐतिहासिक महत्व को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ये सिक्के किस दौर के हैं और इनकी वास्तविक ऐतिहासिक कीमत कितनी है।













