18 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शुक्रवार को रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा और धौलाधार की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ, जबकि मनाली, कल्पा, सलौणी और कुकुमसेरी सहित कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे और तेज हवाएं भी चलीं।
मौसम में आए इस बदलाव के कारण प्रदेश के कई जिलों में तापमान में 1 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा गिरावट कुल्लू के भुंतर में 8.2 डिग्री, मनाली में 6.4 डिग्री, मंडी में 5.3 डिग्री और बिलासपुर के बरठीं में 5.1 डिग्री सेल्सियस रही।
राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ऊना में 15.6 डिग्री, नाहन में 15.1 डिग्री और सोलन में 13 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने 18 अप्रैल के लिए कुल्लू जिले में तेज आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार यहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों में भी तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश और हल्के हिमपात की संभावना बनी हुई है।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।













