7 September 2026 Fact Recorder
Health Desk: फैटी लिवर आज के समय में तेजी से बढ़ती लाइफस्टाइल से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं में शामिल है। सेहत संवाद 2026 में विशेषज्ञों ने बताया कि गलत खानपान, ज्यादा वजन और शारीरिक गतिविधि की कमी लिवर की सेहत को प्रभावित कर सकती है।
डॉक्टरों के मुताबिक फैटी लिवर के शुरुआती दौर में अक्सर कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते। कमजोरी, भूख कम लगना या शरीर में बढ़ता फैट कुछ संकेत हो सकते हैं, लेकिन इसकी सही जानकारी के लिए नियमित हेल्थ चेकअप और डॉक्टर की सलाह जरूरी है।
क्या खाएं और क्या करें?
विशेषज्ञों ने डाइट में ज्यादा से ज्यादा सब्जियां शामिल करने की सलाह दी। नॉनवेज लेने वालों के लिए तली हुई चीजों की जगह ग्रिल्ड फिश या चिकन को बेहतर विकल्प बताया गया। शराब का सेवन न करने या बेहद सीमित रखने की सलाह भी दी गई।
इसके साथ ही नियमित फिजिकल एक्टिविटी और तेज वॉकिंग को जरूरी बताया गया। विशेषज्ञों के अनुसार रोजाना 20-30 मिनट पैदल चलना और शरीर को सक्रिय रखना वजन नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। डायबिटीज और मोटापे जैसी स्थितियों में भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
रात में देर से खाना भी छोड़ें
डॉक्टरों ने रात का खाना बहुत देर से न खाने और सोने से करीब 4 घंटे पहले भोजन कर लेने की सलाह दी। साथ ही समय-समय पर ब्लड टेस्ट और हेल्थ चेकअप करवाने पर जोर दिया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार शरीर में बढ़ता फैट लिवर में भी फैट जमा होने का जोखिम बढ़ा सकता है। इसलिए वजन नियंत्रित रखना, नियमित व्यायाम करना और संतुलित खानपान अपनाना फैटी लिवर से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकते हैं।













