15 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: Life Insurance Corporation of India ने लिस्टिंग के बाद पहली बार अपने निवेशकों को बोनस शेयर देने का ऐलान किया है। कंपनी ने 1:1 बोनस इश्यू को मंजूरी दी है। इसका मतलब है कि रिकॉर्ड डेट तक जिसके पास LIC का 1 शेयर होगा, उसे 1 अतिरिक्त शेयर मुफ्त मिलेगा।
13 अप्रैल को हुई बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगी। कंपनी ने बताया कि बोनस शेयर जारी करने के लिए वह अपने रिजर्व से 6,325 करोड़ रुपये का उपयोग करेगी। रिकॉर्ड डेट अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन बोनस शेयर 12 जून 2026 तक निवेशकों के डीमैट खाते में पहुंच सकते हैं।
इस खबर के बाद LIC के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। बुधवार को शेयर करीब 5% तक चढ़कर 845 रुपये के आसपास पहुंच गया। निवेशकों ने इसे कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति और शेयरधारकों के प्रति सकारात्मक संकेत माना।
Life Insurance Corporation of India की शेयर बाजार यात्रा काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। मई 2022 में 949 रुपये के इश्यू प्राइस पर लिस्ट होने के बाद शेयर मार्च 2023 में गिरकर लगभग 530 रुपये तक पहुंच गया था। इसके बाद इसमें जोरदार रिकवरी आई और अगस्त 2024 में यह 1,221.50 रुपये के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। फिलहाल शेयर 800–845 रुपये के दायरे में कारोबार कर रहा है।
कंपनी की वित्तीय स्थिति भी मजबूत बनी हुई है। दिसंबर 2025 तक LIC के पास 1.46 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का रिजर्व और सरप्लस था, जबकि चालू वित्त वर्ष के पहले 9 महीनों में कंपनी का मुनाफा करीब 33,998 करोड़ रुपये रहा।













