September 26 ,2026 Fact Recorder
चंडीगढ़। यूटी साउथ डिवीजन के एसडीपीओ धीरज कुमार की टीम ने गांव कजहेड़ी में कार्रवाई करते हुए एक होटल संचालक को 25 अवैध नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव कजहेड़ी निवासी 50 वर्षीय कपिल देव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में पहले से पांच अलग-अलग मामले दर्ज हैं।
संदिग्ध हालत में भागते देख पुलिस ने पकड़ा
पुलिस के अनुसार, थाना-36 की टीम को शनिवार तड़के करीब 1:35 बजे सूचना मिली थी। इसके बाद गंदा नाला मोड़, गांव कजहेड़ी के पास गश्त कर रही पुलिस टीम ने कपिल देव को संदिग्ध गतिविधियों के साथ देखा। पुलिस को देखते ही वह सेक्टर-43 मेन रोड की ओर जाने लगा, जिसके बाद टीम ने उसे रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 25 अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह ये इंजेक्शन पंजाब से आने वाले एक व्यक्ति से खरीदता था और इसके बाद चंडीगढ़ के कजहेड़ी तथा सेक्टर-52 इलाके में सप्लाई करता था।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अब नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई करने वाले कथित व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटा रही है और मामले की आगे जांच की जा रही है।












