यह महाभियोग प्रस्ताव रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने पेश किया था। उन्होंने हेगसेथ पर अमेरिकी संविधान और वॉर पावर्स एक्ट का उल्लंघन करने के आरोप लगाए थे। प्रस्ताव में ईरान और यमन के खिलाफ कथित तौर पर कांग्रेस की मंजूरी के बिना सैन्य कार्रवाई करने और वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े आरोप भी शामिल थे।
थॉमस मैसी ने हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग के आठ अनुच्छेदों वाला प्रस्ताव पेश किया था। उनका आरोप था कि रक्षा सचिव ने कांग्रेस की अनुमति के बिना सैन्य अभियान चलाकर कानून का उल्लंघन किया है। मैसी ने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की मंजूरी के बिना लंबे समय तक सैन्य अभियान जारी नहीं रखा जा सकता।
वहीं, पीट हेगसेथ ने अपने खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव को खारिज कर दिया। पेंटागन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी उनके खिलाफ दो बार महाभियोग की कोशिश हुई थी, लेकिन दोनों बार विरोधियों को असफलता मिली। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी ऐसा ही होगा। हेगसेथ ने कहा कि वह कमांडर-इन-चीफ के आदेशों का पालन कर रहे हैं।
हेगसेथ के बयान के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उनका खुलकर समर्थन किया। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर हेगसेथ को A+ ग्रेड दिया और महाभियोग प्रस्ताव पेश करने वाले सांसद थॉमस मैसी पर निशाना साधा। ट्रंप ने हेगसेथ के बचाव की सराहना करते हुए उन्हें अपना समर्थन दिया।













