Home Hindi ट्रंप ने फिर डाना व्हाइट को दिया प्रेस सेक्रेटरी बनने का ऑफर,...

ट्रंप ने फिर डाना व्हाइट को दिया प्रेस सेक्रेटरी बनने का ऑफर, UFC CEO ने ठुकराया प्रस्ताव; जानें कौन हैं

November 10,2026 Fact Recorder

International Desk:  अमेरिका की राजनीति में इन दिनों UFC CEO डाना व्हाइट को लेकर चर्चा तेज हो गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने पुराने दोस्त और अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) के CEO डाना व्हाइट को व्हाइट हाउस का प्रेस सेक्रेटरी बनने का ऑफर दिया। खास बात यह रही कि ट्रंप ने यह प्रस्ताव व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सामने रखा। हालांकि, डाना व्हाइट ने इस ऑफर को ठुकराते हुए साफ कर दिया कि उनकी राजनीति में आने की कोई इच्छा नहीं है।

दरअसल, सोमवार को राष्ट्रपति ट्रंप व्हाइट हाउस के जेम्स एस. ब्रैडी ब्रीफिंग रूम में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डाना व्हाइट को भी पत्रकारों के सामने पेश किया और मजाकिया अंदाज में उनसे पूछा कि क्या वह अमेरिका के प्रेस सेक्रेटरी बनना चाहेंगे या UFC के साथ ही रहना पसंद करेंगे।

यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने डाना व्हाइट को इस पद का ऑफर दिया हो। इससे पहले शनिवार को भी उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें प्रेस सेक्रेटरी बनाने की बात कही थी। हालांकि, बाद में ट्रंप ने इसे मजाक बताया था।

डाना व्हाइट के ऑफर ठुकराने पर क्या बोले ट्रंप?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने डाना व्हाइट से सीधे सवाल करते हुए कहा, “मैं आपसे एक बड़ा सवाल पूछना चाहता हूं। डाना, क्या आप संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रेस सेक्रेटरी बनना चाहेंगे या इस बेकार UFC के साथ ही रहना पसंद करेंगे?”

इस पर डाना व्हाइट ने जवाब दिया, “ऑफर के लिए धन्यवाद, सर। मैं राजनीति में नहीं रहना चाहता।”

डाना का जवाब सुनकर ट्रंप ने भी मजाकिया अंदाज में कहा कि यह सुनकर उन्हें बहुत दुख हुआ। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त कर दी और वहां मौजूद लोगों को अलविदा कहकर चले गए।

कौन हैं डाना व्हाइट?

डाना व्हाइट अमेरिका के जाने-माने खेल प्रशासक और अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) के अध्यक्ष एवं CEO हैं। उनका पूरा नाम डाना फ्रेडरिक व्हाइट जूनियर है। वह साल 2001 से UFC के नेतृत्व से जुड़े हुए हैं।

उनके नेतृत्व में UFC ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) की दुनिया का एक बड़ा संगठन बनकर उभरा। UFC की शुरुआत 1993 में हुई थी। शुरुआती दौर में संगठन आर्थिक मुश्किलों से जूझ रहा था। इसके बाद साल 2000 में डाना व्हाइट के बचपन के दोस्त ने इसे खरीद लिया। इस सौदे में डाना व्हाइट की अहम भूमिका रही।

57 वर्षीय डाना व्हाइट की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ लंबे समय से दोस्ती है। दोनों कई मौकों पर एक साथ नजर आ चुके हैं। इस साल की शुरुआत में भी डाना व्हाइट ने व्हाइट हाउस के लॉन में आयोजित एक बड़े UFC मुकाबले के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

क्यों खाली है व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी का पद?

व्हाइट हाउस में प्रेस सेक्रेटरी का पद पिछले कुछ समय से चर्चा में है। खबर के मुताबिक, कैरोलिन लेविट के पद छोड़ने के बाद अगस्त में यह पद खाली हुआ था। उन्होंने करीब डेढ़ साल तक इस जिम्मेदारी को संभाला था।

इसके बाद अक्टूबर में केटी जकारिया को प्रेस सेक्रेटरी नियुक्त किया गया, लेकिन वह एक सप्ताह से भी कम समय तक इस पद पर रहीं। 16 अक्टूबर को उनके पद छोड़ने के बाद से यह जिम्मेदारी फिर खाली बताई जा रही है।

ऐसे में ट्रंप की ओर से डाना व्हाइट को बार-बार प्रेस सेक्रेटरी बनने का प्रस्ताव देना चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, डाना व्हाइट ने अपने जवाब से साफ कर दिया है कि फिलहाल उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है।