Home Hindi दिल्ली प्रदूषण पर अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- झूठे आंकड़ों...

दिल्ली प्रदूषण पर अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- झूठे आंकड़ों से छिपाई जा रही जहरीली हवा की सच्चाई

November 10,2026 Fact Recorder

National Desk: राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदूषण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार को घेरते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठी बीजेपी सरकार झूठे आंकड़ों के जरिए प्रदूषण की वास्तविक स्थिति और लोगों की तकलीफ को छिपाने की कोशिश कर रही है। अखिलेश ने कहा कि प्रदूषण की असली भयावहता उन बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों से पूछी जानी चाहिए, जिन्हें जहरीली हवा में सांस लेने में परेशानी हो रही है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “दिल्ली में बैठी भ्रष्ट भाजपा सरकार झूठे आंकड़ों की चादर से प्रदूषण की असहनीय तकलीफ़ को ढकना चाहती है। प्रदूषण के स्तर का सच क्या है, ये उन मासूम बच्चों, बीमारों और बुज़ुर्गों से पूछिए जो एक-एक सांस लेने में ज़िंदगी की जंग लड़ रहे हैं।”

उन्होंने आगे बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा झूठी थी, झूठी है और झूठी ही रहेगी।

दिवाली की रात 59 में से 36 मॉनीटरिंग स्टेशन रहे बंद

दिल्ली में प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर एक रिपोर्ट सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया है। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के विश्लेषण के मुताबिक, 8 और 9 नवंबर की दरमियानी रात दिल्ली के 59 एयर क्वालिटी मॉनीटरिंग स्टेशनों में से 36 स्टेशन रात 1 बजे PM2.5 का डेटा उपलब्ध नहीं करा रहे थे। यानी उस समय केवल 23 स्टेशनों से ही प्रदूषण की रीडिंग मिल रही थी।

रिपोर्ट के अनुसार, रात 10 बजे तक सात मॉनीटरिंग स्टेशनों पर डेटा उपलब्ध नहीं था। रात 11 बजे यह संख्या बढ़कर 23 हो गई, जबकि आधी रात तक 29 स्टेशन रीडिंग नहीं दे रहे थे। रात 1 बजे 36 और रात 2 बजे 35 स्टेशनों पर आंकड़े उपलब्ध नहीं थे।

हालांकि, सुबह होते-होते आंकड़ों की उपलब्धता में सुधार हुआ। सुबह 7 बजे 13 और 8 बजे सात मॉनीटरिंग स्टेशनों से PM2.5 का डेटा नहीं मिल रहा था।

सरकारी AQI आंकड़ों की विश्वसनीयता पर उठे सवाल

दिवाली के दौरान दिल्ली में प्रदूषण का स्तर काफी गंभीर रहा। CREA के विश्लेषण में मॉनीटरिंग स्टेशनों से महत्वपूर्ण समय पर आंकड़े उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आने के बाद आधिकारिक एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) डेटा की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदूषण के सबसे गंभीर समय पर मॉनीटरिंग स्टेशनों से रीडिंग नहीं मिलना वास्तविक स्थिति के आकलन को प्रभावित कर सकता है।

आंकड़ों के अनुसार, दिवाली के दिन दिल्ली का औसत AQI 376 दर्ज किया गया था, जिसे पिछले पांच वर्षों में दिवाली के दिन का सबसे खराब स्तर बताया गया। वहीं, 9 नवंबर को शाम 4 बजे दिल्ली का औसत AQI 344 रहा। हालांकि, उस समय भी राजधानी के 59 में से केवल 47 मॉनीटरिंग स्टेशनों से ही आंकड़े उपलब्ध थे।

प्रदूषण के मुद्दे पर बीजेपी को घेर रहे विपक्षी नेता

दिल्ली में जहरीली हवा और बढ़ते प्रदूषण को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है। अखिलेश यादव ने भी मॉनीटरिंग स्टेशनों से डेटा गायब होने के मुद्दे को उठाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा है।

उनका कहना है कि प्रदूषण की वास्तविक स्थिति का अंदाजा केवल सरकारी आंकड़ों से नहीं लगाया जा सकता, बल्कि उन लोगों की परेशानी भी समझनी होगी जो हर दिन जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। अब इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस के साथ-साथ दिल्ली के प्रदूषण निगरानी सिस्टम की पारदर्शिता को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।