Home Haryana Kaithal Guhla Electricity Theft Three Houses Power Update | कैथल में बिजली...

Kaithal Guhla Electricity Theft Three Houses Power Update | कैथल में बिजली चोरी करते तीन घर पकड़े: पोल से अंडरग्राउंड तार बिछाकर लिया कनेक्शन, उच्च अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट – Kaithal News

अंडरग्राउंड तार को निकालते बिजली अधिकारी।

कैथल जिले के गुहला क्षेत्र में बुधवार को बिजली विभाग ने तारावाली गांव में तीन घरों में बिजली चोरी पकड़ी। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ घर बिजली चोरी कर रहे हैं। विभाग ने इस मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है।

जानकारी के अनुसार बिजली विभाग की टीम ने वजीर, पम्मी देवी और सतपाल के घरों में छापेमारी की। तीनों ने बिजली के पोल से सीधे अंडरग्राउंड तार बिछाकर अपने घरों में कनेक्शन ले रखा था। जांच में पता चला कि यह चोरी पिछले एक साल से चल रही थी।

तीनों घरों की काटी बिजली

गुहला बिजली निगम के एसडीओ राहुल यादव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में टीम ने सभी साक्ष्य जुटाए। तीनों घरों की बिजली आपूर्ति तत्काल काट दी गई है। एसडीओ यादव ने बताया कि इस तरह की चोरी से बिजली निगम को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो रही थी।

बिजली चोरी करने वालों में दहशत

विभाग ने इस मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। अब बिजली अधिनियम 2003 के तहत आरोपियों पर मामला दर्ज कर जुर्माना लगाया जाएगा। विभाग की इस कार्रवाई से गांव में बिजली चोरी करने वालों में दहशत है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

बिजली चोरी पर लगेगा भारी जुर्माना

एसडीओ ने बताया कि तीनों घरों के मालिकों पर विभागीय नियमों के तहत भारी जुर्माना लगाया जाएगा और यदि दोबारा इस तरह की घटना दोहराई गई, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

एसडीओ ने ग्रामीणों से की अपील

एसडीओ राहुल यादव ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए गांव-गांव में औचक निरीक्षण किए जाएंगे। यदि किसी भी घर या प्रतिष्ठान में बिजली चोरी पकड़ी गई, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे बिजली चोरी की घटनाओं की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।