ग्रेटर नोएडा: 24 Nov 2026 Fact Recorder
National Desk : ग्रेटर नोएडा के तिलपता चौक से दादरी के बीच रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस समस्या के समाधान के लिए करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से 4 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाने की योजना तैयार की है। इस परियोजना से प्रतिदिन करीब 2 लाख लोगों को राहत मिलने की संभावना है।
4 लेन का बनाया जाएगा एलिवेटेड रोड
शुरुआती योजना के अनुसार, यह एलिवेटेड रोड करीब 4 लेन का होगा। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए फिजिबिलिटी सर्वे और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
तिलपता से दादरी जाने वाली मुख्य सड़क पर कंटेनर डिपो और 130 मीटर रोड के चौराहे के पास भारी वाहनों की आवाजाही के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां ट्रक, कंटेनर और बसों की आवाजाही भी काफी अधिक है।
एलिवेटेड रोड बनने से दादरी, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसका फायदा अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा, सेक्टर-10, सेक्टर-12, सूरजपुर और देवला गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा।
अंडरपास बनने से भी कम होगा ट्रैफिक का दबाव
तिलपता चौक पर ग्रेटर नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अंडरपास बनाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। एलिवेटेड रोड और अंडरपास दोनों परियोजनाएं पूरी होने के बाद क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के मुताबिक, इन परियोजनाओं के पूरा होने से तिलपता चौराहे पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।











