Home Chandigarh पंजाब में आठ वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला, साक्षी साहनी को स्वास्थ्य...

पंजाब में आठ वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला, साक्षी साहनी को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी

9 July 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk: पंजाब सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए तत्काल प्रभाव से आठ वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों का तबादला कर दिया है। मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार कई अहम विभागों में नई नियुक्तियां की गई हैं।

2008 बैच की आईएएस अधिकारी नीलिमा को गृह विभाग के सचिव पद से हटाकर कार्मिक विभाग का सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें सतर्कता विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, परमिंदर पाल सिंह को गृह विभाग का नया विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

2014 बैच की आईएएस अधिकारी साक्षी साहनी को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का विशेष सचिव और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) का मिशन निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें राज्य के नशा विरोधी अभियान की नोडल अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है। उन्हें पंजाब शहरी विकास प्राधिकरण (पुडा) के मुख्य प्रशासक के पद से मुक्त कर दिया गया है।

संदीप ऋषि को नगर निगम जालंधर के आयुक्त पद से स्थानांतरित कर ग्रेटर मोहाली क्षेत्र विकास प्राधिकरण (गमाडा) का मुख्य प्रशासक नियुक्त किया गया है। वहीं, नीरू कत्याल गुप्ता को पंजाब शहरी विकास प्राधिकरण (पुडा) का मुख्य प्रशासक बनाया गया है। उन्हें नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

इसके अलावा निकास कुमार को नगर निगम जालंधर का आयुक्त, सोनम को कराधान-1, पटियाला के अतिरिक्त आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार तथा राकेश कुमार मीणा को होशियारपुर का अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) नियुक्त किया गया है।

सरकार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बिना किसी देरी के अपनी नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें।