Home Hindi जन्मदिन पर सौरव गांगुली को मिला बड़ा सम्मान, ICC हॉल ऑफ फेम...

जन्मदिन पर सौरव गांगुली को मिला बड़ा सम्मान, ICC हॉल ऑफ फेम में हुए शामिल

9 July 2026 Fact Recorder

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को उनके 54वें जन्मदिन पर बड़ा सम्मान मिला है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें प्रतिष्ठित ICC हॉल ऑफ फेम 2026 में शामिल करने की घोषणा की है। यह फैसला स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग में आयोजित आईसीसी बोर्ड की वार्षिक बैठक में लिया गया।

इस सम्मान के साथ गांगुली ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 12वें भारतीय और 10वें पुरुष भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। सम्मान मिलने पर गांगुली ने ICC और उसके चेयरमैन जय शाह का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि क्रिकेट के महान खिलाड़ियों के साथ इस सूची में शामिल होना उनके लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है।

सौरव गांगुली ने भारत के लिए 113 टेस्ट मैचों में 7,212 रन और 311 वनडे मुकाबलों में 11,363 रन बनाए। वनडे क्रिकेट में उनके नाम 22 शतक और 132 विकेट भी दर्ज हैं। नवंबर 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने क्रिकेट प्रशासन में अहम भूमिका निभाई और वर्ष 2019 से 2022 तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष रहे। वर्तमान में वह आईपीएल और महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक तथा SA20 लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच हैं।

भारतीय क्रिकेट में गांगुली का योगदान बतौर कप्तान सबसे अधिक याद किया जाता है। उन्होंने वर्ष 2000 में मैच फिक्सिंग विवाद के बाद टीम इंडिया को नई दिशा दी। उनकी कप्तानी में भारत ने 2002 नेटवेस्ट ट्रॉफी जीती, 2003 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई और 2004 में पाकिस्तान में पहली बार टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रचा।

ICC हॉल ऑफ फेम क्रिकेट जगत के उन महान खिलाड़ियों को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है, जिन्होंने खेल में असाधारण योगदान दिया हो। इसकी शुरुआत वर्ष 2009 में ICC और फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल क्रिकेटर्स एसोसिएशन (FICA) ने संयुक्त रूप से की थी।