Home Himachal 15 अगस्त से शुरू हो सकती है ‘मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना’,...

15 अगस्त से शुरू हो सकती है ‘मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना’, हिमाचल के 1.32 लाख गरीब परिवारों को मिलेगा लाभ

9 July 2026 Fact Recorder

Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश सरकार 15 अगस्त से ‘मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना’ लागू करने की तैयारी में है। सरकार की योजना है कि इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से कराया जाए। इसके लिए उनसे समय मांगा गया है और सहमति मिलने के बाद कार्यक्रम की अंतिम तिथि तय की जाएगी।

इस योजना के तहत प्रदेश के 1.32 लाख सबसे गरीब परिवारों को लाभ दिया जाएगा। लाभार्थियों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की सम्मान राशि मिलेगी। वहीं, जिन पात्र परिवारों के घर कच्चे हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पक्का मकान बनाने के लिए वित्तीय सहायता भी दी जाएगी।

सरकार योजना को लागू करने की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है और संबंधित अधिकारी इसकी रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना की घोषणा की थी। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

राज्य सरकार ने सात चरणों में 1.32 लाख जरूरतमंद परिवारों की पहचान की है। चयन सामाजिक-आर्थिक मानकों के आधार पर किया गया है। इसमें एकल महिला, दिव्यांग सदस्य वाले परिवार तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों को प्राथमिकता दी गई है।

राजनीतिक रूप से भी इस योजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा लगातार कांग्रेस की चुनावी गारंटियों को लेकर सरकार पर सवाल उठा रही है। ऐसे में सरकार इस योजना के जरिए अपनी दो प्रमुख गारंटियों को एक साथ लागू करने की तैयारी में है। वर्तमान में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत करीब 36 हजार महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की सहायता दी जा रही है।