एक ही सिरिंज से सैकड़ों बच्चों को लगा HIV, पाकिस्तान के अस्पताल में बड़ा खुलासा

15 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  Pakistan के THQ Hospital Taunsa में लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में एक ही सिरिंज का कई बच्चों पर इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण 331 बच्चे HIV संक्रमित हो गए।

एक गुप्त जांच में अस्पताल के भीतर 32 घंटे से अधिक समय तक रिकॉर्ड किए गए वीडियो में कई बार मेडिकल सुरक्षा नियमों का उल्लंघन देखा गया। रिपोर्ट के मुताबिक, स्वास्थ्यकर्मी एक ही सिरिंज से कई मरीजों को इंजेक्शन लगा रहे थे और एक ही दवा की शीशी से अलग-अलग बच्चों को दवा दे रहे थे।

नवंबर 2024 से अक्टूबर 2025 के बीच टौंसा क्षेत्र में कम से कम 331 बच्चों के HIV पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि इनमें से ज्यादातर मामलों में संक्रमण मां से बच्चों तक नहीं पहुंचा था। 97 परिवारों की जांच में केवल चार माताएं HIV पॉजिटिव पाई गईं, जिससे संदेह और मजबूत हुआ कि संक्रमण अस्पताल में फैला।

रिपोर्ट में आठ साल के मोहम्मद अमीन और उसकी बहन अस्मा का भी जिक्र है। दोनों बच्चों का इलाज इसी अस्पताल में हुआ था और बाद में दोनों HIV संक्रमित पाए गए। मोहम्मद की कुछ समय बाद मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि दोनों बच्चों को अस्पताल में लगाए गए असुरक्षित इंजेक्शन की वजह से संक्रमण हुआ।

स्थानीय डॉक्टर Dr. Gul Kaisrani ने सबसे पहले इस मामले की ओर ध्यान दिलाया था। उन्होंने बताया कि उनके क्लिनिक में आने वाले 65 से अधिक HIV संक्रमित बच्चों का पहले इलाज इसी अस्पताल में हुआ था। उनके अनुसार, अधिकतर मामलों में खराब और दोबारा इस्तेमाल की गई सुइयों को संक्रमण की सबसे बड़ी वजह माना गया।