6 July 2026 Fact Recorder
Bollywood Desk: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने 5 जुलाई 2026 को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने आवास पर गौरी स्प्रैट के साथ निजी समारोह में शादी कर ली। इस समारोह में केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए। शादी के बाद दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इसी बीच आमिर और गौरी की उम्र के अंतर को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है।
दोनों के बीच कितना है उम्र का अंतर?
आमिर खान का जन्म 14 मार्च 1965 को हुआ था और उनकी उम्र 61 वर्ष है। वहीं, गौरी स्प्रैट का जन्म 21 अगस्त 1978 को हुआ था और वह 47 वर्ष की हैं। इस तरह दोनों के बीच करीब 13 साल का उम्र का अंतर है।
कैसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी?
आमिर खान और गौरी स्प्रैट एक-दूसरे को करीब 25 वर्षों से जानते थे, लेकिन उस समय दोनों के बीच कोई प्रेम संबंध नहीं था। वर्ष 2024 में बेंगलुरु में आमिर की चचेरी बहन नुजहत खान के माध्यम से दोनों की दोबारा मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और लगभग एक वर्ष तक लॉन्ग-डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहने के बाद उन्होंने शादी का फैसला किया।
सादगी से हुई शादी
आमिर और गौरी की शादी बेहद निजी और सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। समारोह में आमिर की पहली पत्नी रीना दत्ता, दूसरी पत्नी किरण राव, उनके बच्चे आयरा खान और जुनैद खान सहित परिवार के सदस्य और कुछ करीबी मित्र मौजूद रहे। फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर, राजकुमार हिरानी और अभिनेत्री एली अवराम भी इस खास मौके पर शामिल हुए।
आमिर की तीसरी शादी
गौरी स्प्रैट के साथ यह आमिर खान की तीसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने रीना दत्ता और बाद में फिल्म निर्माता किरण राव से विवाह किया था। वर्ष 2021 में किरण राव और आमिर खान ने अलग होने का फैसला किया था, हालांकि दोनों आज भी अच्छे दोस्त हैं और अपने बेटे की संयुक्त रूप से परवरिश कर रहे हैं।













