शिमला 25 नवम्बर, 2026 Fact Recorder
National Desk : शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुंबई में आयोजित तीसरे वर्ल्ड मेयर्स फोरम समिट-2026 को संबोधित करते हुए सतत शहरी विकास, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश की पहलों एवं उपलब्धियों पर प्रस्तुति दी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल भौगोलिक रूप से एक पहाड़ी राज्य है और यहां शहरी क्षेत्रों में नियोजित विकास गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। शिमला, धर्मशाला, सोलन, मंडी और मनाली जैसे शहर पर्यटन, धार्मिक यात्रा और व्यावसायिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र हैं। यहां वर्षभर बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य की भौगोलिक एवं पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए शहरी नियोजन के लिए सतत और पर्यावरण अनुकूल दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है।
शहरी प्रशासन को मजबूत बनाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों सहित कुल 76 शहरी स्थानीय निकाय हैं। इन संस्थाओं का सशक्तिकरण और नागरिक सेवाओं में सुधार करना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत राज्य सरकार द्वारा ठोस कचरा प्रबंधन में सुधार किया जा रहा है। इसमें कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण, घर-घर से कचरा संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण शामिल है। राज्य सरकार द्वारा सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी, हैदराबाद के सहयोग से चयनित शहरी स्थानीय निकायों में छोटे स्तर के गीले कचरे से बायोगैस बनाने वाले संयंत्र स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, निर्माण इत्यादि कार्यों से निकलने वाले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना के लिए नार्वे की संस्था एसआईएनटीईएफ के साथ भी समझौता किया गया है।
डिजिटल परिवर्तन के महत्व पर विशेष बल देते हुए शहरी विकास मंत्री ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘वन स्टेट-वन पोर्टल’ पहल का उल्लेख किया। इसे अर्बन प्लेटफॉर्म फॉर डिलीवरी ऑफ ऑनलाइन गवर्नेंस के माध्यम से लागू किया जा रहा है। अब तक चिन्हित 55 नगर निकाय सेवाओं में से 18 सेवाएं नागरिक सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से 138.70 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व मांग सृजित की गई है। इसके अलावा, 2.70 लाख से अधिक कचरा इकाइयों और 2.06 लाख संपत्तियों का पंजीकरण किया गया है। पोर्टल पर 5,600 से अधिक व्यापार लाइसेंस और 6,000 नगर निकाय परिसंपत्तियों का भी पंजीकरण किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि 56 शहरी स्थानीय निकायों में समर्पित समाधान प्रकोष्ठ स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 8,900 से अधिक शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है। इस प्रकार शिकायतों के समाधान की दर 98 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने कहा कि 5 जून, 2026 से सभी शहरी स्थानीय निकायों में ऑनलाइन नगरपालिका सेवाओं और डिजिटल भुगतान को अनिवार्य कर दिया गया है।
शहरी विकास मंत्री ने पारदर्शिता, कार्यकुशलता और नागरिकों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए 15 नगर निगम साझा सेवा केंद्र क्लस्टर स्थापित करने, क्यूआर कोड आधारित डिजिटल डोर प्लेट लगाने तथा प्रस्तावित एकीकृत नगर निगम कॉल सेंटर की पहल का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को अपनी महत्वाकांक्षी ‘वन स्टेट वन पोर्टल’ पहल के लिए स्मार्ट सिटीज एवं अर्बन टेक लीडरशिप श्रेणी में इकोनॉमिक टाइम्स ळवअज्मबी समिट एंड अवॉर्ड्स-2026 में सिल्वर अवार्ड प्राप्त हुआ है।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि शहरी विकास का उद्देश्य केवल बड़े शहरों का निर्माण करना नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसे स्वच्छ, समावेशी, सुरक्षित, पर्यावरण की दृष्टि से सतत् और आर्थिक रूप से जीवंत शहर विकसित करना होना चाहिए, जहां नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने आपदा प्रतिरोधी और नागरिक केंद्रित शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए केन्द्र सरकार, अन्य राज्य सरकारों और शहरी स्थानीय निकायों के साथ मिलकर कार्य करने की प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
विक्रमादित्य सिंह नेे कहा कि इस बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों के साथ शहरी विकास मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन पर चर्चा करना आवश्यक है। विशेष रूप से देशभर में हमारे उद्योग के समक्ष आ रही आंतरिक चुनौतियों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया जाना चाहिए। इन चुनौतियों को सामूहिक रूप से समझते हुए मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना और उद्योग को प्रभावित करने वाले मुद्दों के समाधान के लिए मिलकर प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इन दिशा-निर्देशों को गंभीरता से लें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम सुनिश्चित करें।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के गतिशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार का शहरी विकास विभाग शहरी स्थानीय निकायों, नगर निगमों एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के कामकाज को बेहतर बनाने और उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।











