04 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: यूपी में 45 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती का रास्ता साफ, शासन ने जारी किया आदेश — लिखित परीक्षा के बाद बनेगी मेरिट सूची
उत्तर प्रदेश में 45 हजार से अधिक पदों पर होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। शासन ने भर्ती को मंजूरी देते हुए इसका शासनादेश जारी कर गाइडलाइन तय कर दी है। भर्ती की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) को सौंपी गई है।
अब जिलों से रिक्त पदों का विवरण तैयार कर होमगार्ड मुख्यालय के माध्यम से बोर्ड को भेजा जाएगा। इसके बाद बोर्ड ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करेगा और लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। शासन ने भर्ती के लिए 18 से 30 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की है।
भर्ती प्रक्रिया:
प्रमुख सचिव होमगार्ड राजेश कुमार सिंह के अनुसार, लिखित परीक्षा के बाद बोर्ड जिलावार मेरिट सूची जारी करेगा। इसके बाद शारीरिक मानक परीक्षण (PST), दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आयोजित होगी। सफल अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
जिलों को पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की रिक्तियों का विवरण अलग-अलग भेजना होगा और आरक्षण नियमों का पालन अनिवार्य होगा।
पात्रता और अपात्रता
शारीरिक या मानसिक रूप से दोषयुक्त एवं दिव्यांग व्यक्ति पात्र नहीं होंगे।
अभ्यर्थी उसी जिले का मूल निवासी होना चाहिए, जिसके लिए आवेदन कर रहा है।
किसी सरकारी, अर्द्धसरकारी या सार्वजनिक उपक्रम में कार्यरत व्यक्ति आवेदन नहीं कर सकेगा।
पदच्युत व्यक्ति या जिनके विरुद्ध आपराधिक मुकदमा लंबित है, वे भी अयोग्य होंगे।
एक से अधिक पति या पत्नी होने की स्थिति में भी एनरोलमेंट नहीं किया जाएगा।
गाइडलाइन के प्रमुख बिंदु
न्यूनतम योग्यता: हाईस्कूल या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण।
एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को 1 से 3 अतिरिक्त अंक मिलेंगे।
आपदा मित्र प्रमाणपत्र वालों को 3 अंक अतिरिक्त दिए जाएंगे।
चारपहिया वाहन लाइसेंस धारकों को 1 अंक अतिरिक्त मिलेगा।
लिखित परीक्षा: 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा (अवधि – 2 घंटे)।
परीक्षा का पाठ्यक्रम और प्रक्रिया भर्ती बोर्ड तय करेगा।
लिखित परीक्षा और अतिरिक्त अंकों को जोड़कर जिलावार मेरिट लिस्ट बनेगी।
होमगार्ड एनरोलमेंट के लिए कोई प्रतीक्षा सूची नहीं बनेगी।
शारीरिक मानक
पुरुष अभ्यर्थी:
सामान्य, एससी, ओबीसी: ऊंचाई न्यूनतम 168 सेमी
एसटी: ऊंचाई न्यूनतम 160 सेमी
महिला अभ्यर्थी:
सामान्य, एससी, ओबीसी: ऊंचाई न्यूनतम 152 सेमी
एसटी: ऊंचाई न्यूनतम 147 सेमी
वजन: न्यूनतम 40 किलोग्राम













