16 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: दुनिया के सबसे बड़े विमानवाहक पोत USS Gerald R. Ford ने लगातार 295 दिनों तक समुद्र में तैनात रहकर नया इतिहास रच दिया है। इसने कोविड काल के दौरान बने USS Abraham Lincoln के 294 दिन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
यह तैनाती वियतनाम युद्ध के बाद किसी भी अमेरिकी विमानवाहक पोत की सबसे लंबी मानी जा रही है। यूएस नेवल इंस्टीट्यूट के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 50 वर्षों में इतनी लंबी तैनाती का यह पहला मामला है।
इस जंगी जहाज की तैनाती जून 2025 में Norfolk से शुरू हुई थी, जहां से यह भूमध्य सागर के लिए रवाना हुआ। बाद में इसे कैरिबियन सागर और फिर मध्य पूर्व क्षेत्र की ओर भेजा गया। इस दौरान जहाज ने वेनेजुएला और ईरान से जुड़े सैन्य अभियानों में भी हिस्सा लिया।
हालांकि, इतनी लंबी तैनाती को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक समुद्र में रहने से जहाज के उपकरणों पर दबाव बढ़ता है और चालक दल की मानसिक व शारीरिक स्थिति पर भी असर पड़ता है।
इस बीच Tim Kaine ने इस मुद्दे पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इतनी लंबी तैनाती से सैनिकों की मानसिक स्थिति पर “गंभीर प्रभाव” पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि सैनिकों को अपने परिवारों के साथ होना चाहिए, न कि लगातार मिशनों में व्यस्त रहना चाहिए।
तैनाती के दौरान जहाज को तकनीकी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। एक बार जहाज के लॉन्ड्री सेक्शन में आग लग गई थी, जिसके कारण कई नाविकों को अस्थायी रूप से रहने की समस्या झेलनी पड़ी और जहाज को मरम्मत के लिए वापस लौटना पड़ा।
फिलहाल, USS Gerald R. Ford की यह रिकॉर्ड-तोड़ तैनाती अमेरिकी नौसेना के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखी जा रही है, लेकिन इसके साथ ही इससे जुड़े मानवीय और तकनीकी पहलुओं पर भी बहस तेज हो गई है।











