श्री मुक्तसर साहिब,04 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: कैबिनेट मंत्री श्री गुरमीत सिंह खुड्डियां (कृषि, किसान कल्याण, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी विकास विभाग, पंजाब) के मार्गदर्शन में तथा श्री राहुल भंडारी, प्रमुख सचिव (पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी विकास विभाग, पंजाब) के निर्देशों के तहत, राज्य में मुंह-खुर रोग (Foot and Mouth Disease) से बचाव के लिए 7वें चरण का टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।
श्री मुक्तसर साहिब जिले में अब तक 03 नवंबर 2025 तक 1,01,850 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। यह जानकारी पशुपालन विभाग के जिला उप निदेशक डॉ. गुरदित्त सिंह औलख ने दी।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 15 अक्तूबर 2025 से 28 नवंबर 2025 तक चलेगा, जिसके दौरान विभाग की टीमें घर-घर जाकर नि:शुल्क टीके लगाएंगी। डॉ. औलख ने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य करवाएं ताकि भविष्य में इस रोग से होने वाले नुकसान से बचा जा सके। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी के लिए पशुपालक अपने नजदीकी पशु अस्पताल या डिस्पेंसरी से संपर्क कर सकते हैं।
डॉ. औलख ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि टीकाकरण अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और वैक्सीन की कोल्ड चेन बनाए रखी जाए।
इस अवसर पर पशुपालकों को विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं — जैसे उत्तम नस्ल के सेक्स्ड सीमेन, किसान क्रेडिट कार्ड, और ब्लॉक स्तर पर दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिताओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की गई।
उन्होंने बताया कि उत्तम नस्ल की बछिया पैदा करने वाले टीके विभाग की सभी संस्थाओं में उपलब्ध हैं, जिनका अधिक से अधिक उपयोग करके आवारा पशुओं की संख्या घटाई जा सकती है।
वेटरनरी पॉलीक्लिनिक, बादल में बीमार पशुओं को भर्ती कर उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है।
इसके अलावा, श्री औलख ने बताया कि श्री मुक्तसर जिले में 12 पेट शॉप्स और डॉग ब्रीडर्स को विभाग द्वारा पंजीकृत किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल पंजीकृत डॉग ब्रीडर्स से ही पिल्ले खरीदें।













