30 अप्रैल 2026 Fact Recorder
Sports Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा आज अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 शतक और 20,000 से ज्यादा रन बनाने वाले रोहित की सफलता की कहानी जितनी शानदार है, उतनी ही दिलचस्प इसकी शुरुआत भी रही है।
कम ही लोग जानते हैं कि अपने शुरुआती दिनों में रोहित शर्मा ने बल्लेबाजी छोड़ने का मन बना लिया था। इसकी वजह कोई तकनीकी कमी नहीं, बल्कि सेलेक्शन के दौरान बल्लेबाजों की लंबी कतार थी। रोहित ने खुद कई इंटरव्यू में बताया कि वे घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार नहीं करना चाहते थे, इसलिए उन्होंने बल्लेबाजी ट्रायल छोड़कर गेंदबाजी की लाइन में जाना बेहतर समझा।
यहीं से उनके क्रिकेट करियर की शुरुआत एक ऑफ-स्पिन गेंदबाज के रूप में हुई। एक टूर्नामेंट में उन्होंने पूरे समय बतौर गेंदबाज ही खेला, जहां उनकी प्रतिभा पर कोच दिनेश लाड की नजर पड़ी। फाइनल में उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर लाड ने उन्हें अपने स्कूल से खेलने का मौका दिया।
इसके बाद कहानी ने नया मोड़ लिया। स्कूल टीम को एक ऑलराउंडर की जरूरत थी, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों कर सके। रोहित को यह जिम्मेदारी दी गई और उन्हें ओपनिंग करने का मौका मिला। उन्होंने इस मौके को भुनाया और कुछ अहम रन बनाए। यही वह पल था, जहां से उनका करियर गेंदबाज से बल्लेबाज की ओर मुड़ गया।
आज हालात बिल्कुल उलट हैं—अब हर टीम में बल्लेबाजी की शुरुआत रोहित शर्मा से ही होती है। फिलहाल वे चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेल रहे हैं, लेकिन उनका क्रिकेट सफर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।













