30 अप्रैल 2026 Fact Recorder
National Desk: महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय और स्मृतिमंदिर को ‘रेडिएशन’ से जुड़ी धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। एक गुमनाम पत्र के जरिए ‘डीएसएस’ नामक संगठन ने परिसर में खतरनाक रेडियोएक्टिव पदार्थ फैलाने का दावा किया, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
यह पत्र 27 अप्रैल को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा, जिसे रविंद्रकुमार सिंगल के नाम भेजा गया था। अंग्रेजी में लिखे इस पत्र में महाल स्थित RSS मुख्यालय, रेशीमबाग के डॉ. हेडगेवार स्मृतिमंदिर और यहां तक कि मेट्रो परिसर में ‘सीजियम-137’ जैसे रेडियोएक्टिव पदार्थ डालने का दावा किया गया। साथ ही दोसरभवन चौक के पास डेटोनेटर रखने की भी बात कही गई।
धमकी के बाद एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच की। हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी तरह का संदिग्ध रेडियोएक्टिव पदार्थ या विस्फोटक नहीं मिला है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह महज शरारत है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। सुरक्षा एजेंसियां पत्र भेजने वाले ‘डीएसएस’ संगठन की पहचान और उसके इरादों की भी जांच कर रही हैं।
घटना के बाद RSS मुख्यालय और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि प्रशासन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सतर्कता बरत रहा है।













