Home Hindi मुंबई में बारिश का कहर: चॉल ढहने, पेड़ और ग्रिल गिरने से...

मुंबई में बारिश का कहर: चॉल ढहने, पेड़ और ग्रिल गिरने से 8 की मौ*त, अगले 24 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट

🌧️ मुंबई में बारिश बनी आफत!

6 July 2026 Fact Recorder

National Desk: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को अलग-अलग हादसों में कुल आठ लोगों की मौ*त हो गई। सबसे बड़ा हादसा मानखुर्द इलाके में हुआ, जहां एक तीन मंजिला चॉल का हिस्सा ढहने से छह लोगों की जान चली गई। वहीं, पेड़ गिरने और इमारत की ग्रिल टूटकर गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में भी दो लोगों की मौत हो गई।

मानखुर्द में चॉल ढहने से छह की मौ*त

रविवार रात करीब 8:30 बजे मानखुर्द के जनता नगर स्थित एक तीन मंजिला चॉल अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। राहत एवं बचाव दलों ने मलबे से लोगों को निकालने का अभियान चलाया। आशंका है कि कुछ लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।

ग्रिल गिरने से युवक की मौ*त

नवी मुंबई में रविवार शाम एक इमारत की ग्रिल फुटपाथ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, इमारत के स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए पहले ही नोटिस जारी किया गया था, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई।

पेड़ गिरने से गई एक और जान

कुर्ला पश्चिम में भारी बारिश के दौरान एक पेड़ दुकान पर गिर गया, जिससे 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। बीते एक सप्ताह में पेड़ गिरने की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले गोरेगांव और चेंबूर में भी ऐसे हादसों में लोगों की जान जा चुकी है।

बारिश से जनजीवन प्रभावित

रविवार सुबह से देर रात तक दक्षिण मुंबई और उपनगरों में लगातार तेज बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि खराब मौसम के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा।

अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। नगर निगम के अनुसार, बारिश के दौरान पेड़ गिरने की 203, शॉर्ट सर्किट की 8 और मकान या दीवार गिरने की 15 शिकायतें दर्ज की गई हैं।