लुधियाना 16 May 2026 Fact Recorder
Punjab Desk : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टा*चार विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पीएसपीसीएल कार्यालय लुधियाना में तैनात दो एसडीओ और एक क्लर्क को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान एसडीओ जसकनवरप्रीत सिंह, एसडीओ श्रुति शर्मा और क्लर्क आशू के रूप में हुई है।
विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई प्रिंस निजावन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता सोलर सिस्टम लगाने का काम करता है और उसने दो अलग-अलग स्थानों पर सोलर सिस्टम लगाए थे। इन सिस्टमों के निरीक्षण और मीटर लगाने के लिए पीएसपीसीएल की मंजूरी आवश्यक थी।
आरोप है कि उक्त अधिकारियों ने निरीक्षण और अनुमान रिपोर्ट तैयार करने के बदले प्रत्येक फाइल के लिए 10 हजार रुपये, यानी दो फाइलों के लिए कुल 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा लुधियाना से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टा*चार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।













