8 July 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मानसून ने दस्तक देते ही तबाही के संकेत देने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार शाम नग्गर क्षेत्र की बड़ाग्रां पंचायत के पीछे स्थित कशेरी नाले में अचानक भारी जलप्रवाह आने से बादल फटने की आशंका जताई जा रही है।
तेज बहाव के साथ नाले में मिट्टी, पत्थर और भारी मात्रा में मलबा बहकर आया, जिससे पतलीकूहल क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए नाले के आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट जारी किया।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) मनाली गुमीत सिंह चीमा ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा के मद्देनजर कशेरी नाले और उसके आसपास जाने से बचें। उन्होंने नाले को पार करने का प्रयास न करने और नदी-नालों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने की सलाह दी है।
प्रशासन के अनुसार फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देकर प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।













