8 July 2026 Fact Recorder
Sports Desk: भारत को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 76 रन पर सिमट गई और इंग्लैंड ने मुकाबला 125 रन से जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।
यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी हार है। भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही और कोई भी बल्लेबाज 13 रन से अधिक नहीं बना सका।
बल्लेबाजी पूरी तरह रही नाकाम
202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। शुरुआती विकेट गिरने के बाद पूरी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने सर्वाधिक 13-13 रन बनाए, जबकि सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
इंग्लैंड की ओर से जोश टंग ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। जोफ्रा आर्चर ने 3, आदिल राशिद ने 2 और विल जैक्स ने 1 विकेट हासिल किया।
फिल सॉल्ट की दमदार पारी
इससे पहले इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने 44 गेंदों में 70 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा सैम करन ने नाबाद 41 और जोस बटलर ने 36 रन बनाए, जिससे इंग्लैंड 201 रन तक पहुंचने में सफल रहा।
भारत की ओर से प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल को एक सफलता मिली।
सीरीज जीतने की उम्मीद खत्म
इस हार के साथ भारत अब पांच मैचों की सीरीज नहीं जीत सकता। अब टीम के पास बाकी दो मुकाबले जीतकर सीरीज बराबर करने का ही मौका है। चौथा टी20 मुकाबला ब्रिस्टल में खेला जाएगा।













