थाईलैंड: 25 Nov 2026 Fact Recorder
International Desk : उत्तरी थाईलैंड के चियांग राय प्रांत में नदियों का पानी जहरीला होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। माई साई और आसपास के इलाकों में साई, कोक और रुआक नदियों के पानी में आर्सेनिक और अन्य भारी धातुएं खतरनाक स्तर पर पाई गई हैं।
जांच के मुताबिक, प्रदूषण का संबंध सीमा पार म्यांमार के शान राज्य में चल रही सोने और रेयर अर्थ खदानों से जोड़ा जा रहा है। खनन के दौरान इस्तेमाल होने वाले रसायनों के कारण नदियों का पानी दूषित होने की आशंका है।
इसका असर केवल पानी तक सीमित नहीं है, बल्कि खेती और मछलियों पर भी पड़ रहा है। मछलियों के शरीर पर असामान्य विकृतियां दिखाई देने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है। किसानों को सिंचाई से रोका गया है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
थाईलैंड सरकार ने प्रदूषण की जांच तेज करने, पानी के नमूनों की जांच बढ़ाने और खनन में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है। सरकार ने इस मुद्दे को म्यांमार और चीन के सामने भी उठाया है।













