होशियारपुर, 25 नवंबर 2026 Fact Recorder
Punjab Desk : सिविल डिफेंस की तैयारियों को और मजबूत करने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न विभागों के बीच तालमेल और कार्यप्रणाली को परखने के उद्देश्य से भारत सरकार की ओर से पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 नवंबर को रात 8 बजे डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ रोड, होशियारपुर में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज करवाई जाएगी। इस दौरान पूरे जिला होशियारपुर में रात 8 बजे से 8.15 बजे तक 15 मिनट ब्लैकआउट लागू रहेगा।
इस संबंध में आज अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) मेजर (डॉ.)सुमित मुध की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को मॉक एक्सरसाइज को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीसी ने स्पष्ट किया कि यह मॉक एक्सरसाइज भारत सरकार की ओर से पहले से निर्धारित तिथियों के अनुसार करवाई जा रही है। वर्ष 2026 की यह दूसरी सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज है, जबकि इससे पहले पहली एक्सरसाइज भी आयोजित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह एक नियमित अभ्यास है, जिसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखना तथा उनमें और सुधार करना है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि इस मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी तरह की घबराहट या पैनिक न करें। यह केवल एक पूर्व निर्धारित अभ्यास है, न कि किसी वास्तविक खतरे की सूचना।
उन्होंने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के दौरान एयर रेड चेतावनी के लिए दो मिनट तक उतार-चढ़ाव वाली आवाज में सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद पूरे जिले में 15 मिनट तक ब्लैकआउट लागू रहेगा। इस दौरान लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी गैर-जरूरी लाइटें, सुरक्षा कैमरे, इनवर्टर, जनरेटर और साइन बोर्ड बंद रखें। हालांकि, आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। अभ्यास समाप्त होने पर दो मिनट तक लगातार ऊंची आवाज में सायरन बजाया जाएगा, जो स्थिति सामान्य होने का संकेत होगा।
मेजर डॉ. सुमित मुध ने कहा कि इस अभ्यास के दौरान फायर रिस्पांस, सर्च एंड रेस्क्यू, प्राथमिक चिकित्सा एवं मेडिकल सहायता, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा यातायात और भीड़ नियंत्रण जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रशासनिक तैयारियों को और प्रभावी बनाना है।









