August 22,2026 Fact Recorder
National Desk: तेलंगाना के यादाद्रि-भुवनगिरी जिले में एक फार्मा कंपनी में रिएक्टर फटने से बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार देर रात हुए इस हादसे में दो कर्मचारियों की मौ*त हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके के बाद यूनिट में आग लग गई, जिसे दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू में किया।
डोटिगुडेम गांव की फार्मा यूनिट में हुआ हादसा
यह हादसा पोचमपल्ली मंडल के डोटिगुडेम गांव स्थित हेजेलो लैब प्राइवेट लिमिटेड में हुआ। बताया जा रहा है कि रात करीब 10:30 बजे स्थानीय लोगों ने फार्मा यूनिट में जोरदार धमाके की सूचना दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही चौटुप्पल से एक दमकल वाहन और अन्य स्थानों से दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
शिफ्ट बदलने के दौरान फटा रिएक्टर
पुलिस के अनुसार, जिस समय रिएक्टर में विस्फोट हुआ, उस वक्त कर्मचारी अपनी शिफ्ट बदल रहे थे। धमाके के बाद फार्मा यूनिट में आग फैल गई और वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
धमाके के बाद लगी आग को दमकल कर्मियों ने बुझा दिया। इसके बाद घटनास्थल को सुरक्षित कर राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे की वजह की जांच जारी
फिलहाल रिएक्टर में धमाका किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं का पता चल सकेगा।













