17 July 2026 Fact Recorder
Bollywood Desk: निर्देशक एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। करीब 1200 करोड़ रुपये के बजट में बन रही यह मेगा प्रोजेक्ट 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हालांकि, फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी होती नजर आ रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग अंतिम चरण में है और करीब 80 दिनों का काम बाकी है। मेकर्स इस साल सितंबर-अक्टूबर तक शूटिंग पूरी करने की तैयारी में हैं। लेकिन असली चुनौती रिलीज के दौरान इंटरनेशनल बॉक्स ऑफिस पर सामने आ सकती है।
हॉलीवुड फिल्मों से हो सकता है मुकाबला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘वाराणसी’ की रिलीज के आसपास हॉलीवुड की दो बड़ी फिल्में ‘Godzilla x Kong: Supernova’ और ‘Panic Carefully’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देंगी। दोनों फिल्मों के IMAX और प्रीमियम बड़े फॉर्मेट की स्क्रीन्स पर रिलीज होने की संभावना है, जिससे राजामौली की फिल्म के लिए स्क्रीन उपलब्धता प्रभावित हो सकती है।
IMAX स्क्रीन्स होंगी सबसे बड़ी चुनौती
‘वाराणसी’ को वैश्विक दर्शकों को ध्यान में रखते हुए बड़े पैमाने पर एक्शन-एडवेंचर फिल्म के रूप में तैयार किया जा रहा है। ऐसे में IMAX और प्रीमियम फॉर्मेट की स्क्रीन्स फिल्म की कमाई में अहम भूमिका निभाएंगी।
बताया जा रहा है कि शुरुआती सप्ताह में फिल्म को पर्याप्त प्रीमियम स्क्रीन्स मिल सकती हैं, लेकिन हॉलीवुड फिल्मों की एंट्री के बाद इन स्क्रीन्स की संख्या कम होने की आशंका है। इससे खासकर उत्तर अमेरिका, यूरोप और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है।
RRR के बाद बढ़ी हैं उम्मीदें
राजामौली की पिछली फिल्म RRR को दुनियाभर में शानदार सफलता मिली थी। इसी वजह से ‘वाराणसी’ से भी बड़ी वैश्विक कमाई की उम्मीद की जा रही है। फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
हालांकि, रिलीज के समय हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों से होने वाला मुकाबला ‘वाराणसी’ के लिए सबसे बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है।













