Home Hindi रोहित-विराट की ऐतिहासिक साझेदारी, इंटरनेशनल क्रिकेट में 8,000 रन पूरे करने वाली...

रोहित-विराट की ऐतिहासिक साझेदारी, इंटरनेशनल क्रिकेट में 8,000 रन पूरे करने वाली भारत की तीसरी जोड़ी बनी

17 July 2026 Fact Recorder

Sports Desk:  इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में टीम इंडिया को भले ही हार का सामना करना पड़ा, लेकिन रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक और यादगार उपलब्धि अपने नाम कर ली। दोनों दिग्गज बल्लेबाजों ने इस मुकाबले में 60 रन की साझेदारी कर इंटरनेशनल क्रिकेट में 8,000 साझेदारी रन पूरे कर लिए।

इसके साथ ही रोहित-विराट की जोड़ी भारत की सिर्फ तीसरी बल्लेबाजी जोड़ी बन गई है, जिसने इंटरनेशनल क्रिकेट में 8,000 से अधिक साझेदारी रन बनाने का मुकाम हासिल किया है। भारत के 1932 में पहला इंटरनेशनल मैच खेलने के बाद 94 वर्षों के क्रिकेट इतिहास में यह उपलब्धि अब तक केवल तीन जोड़ियां ही हासिल कर सकी हैं।

भारत की सबसे सफल इंटरनेशनल बल्लेबाजी जोड़ियां
  • सचिन तेंदुलकर – सौरव गांगुली: 12,400 रन (औसत 51.45)
  • सचिन तेंदुलकर – राहुल द्रविड़: 11,037 रन (औसत 47.98)
  • रोहित शर्मा – विराट कोहली: 8,028 रन (औसत 48.95)
‘रो-को’ की शानदार जुगलबंदी

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भारत के लिए अब तक 171 इंटरनेशनल पारियों में साथ बल्लेबाजी की है। इस दौरान दोनों ने 48.95 की औसत से 8,028 रन जोड़े हैं। उनकी साझेदारी में 26 शतकीय और 27 अर्धशतकीय साझेदारियां शामिल हैं, जो उनकी निरंतरता और टीम के लिए अहम योगदान को दर्शाती हैं।

हालांकि दूसरे वनडे का नतीजा भारत के पक्ष में नहीं रहा, लेकिन रोहित और विराट की इस उपलब्धि ने मुकाबले को भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक बना दिया।