Home Hindi लखनऊ में डिवाइडर से टकराई जनरथ बस, कुछ ही मिनटों में लगी...

लखनऊ में डिवाइडर से टकराई जनरथ बस, कुछ ही मिनटों में लगी भीषण आग; चालक-परिचालक ने कूदकर बचाई जान

September 19,2026 Fact Recorder

National Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। थाना पारा क्षेत्र के भूहर पुल के पास एक रोडवेज जनरथ बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के करीब 2-3 मिनट बाद बस में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बस में चालक और परिचालक मौजूद थे। दोनों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

दो दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग

दमकल विभाग को सूचना मिलने के बाद फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बस में लगी आग पर काबू पा लिया।

आग बुझाने के बाद पुलिस टीम ने बस के अंदर जाकर पूरी तरह जांच की। निरीक्षण के दौरान बस के अंदर कोई व्यक्ति या अन्य सामान मौजूद नहीं मिला।

कोई जनहानि नहीं

पुलिस के अनुसार, हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग लगने के कारण जनरथ बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस पारा की ओर से दुबग्गा जा रही थी। भूहर पुल के पास पहुंचते ही वह अचानक अनियंत्रित होकर पुल के बाईं ओर बने डिवाइडर से टकरा गई थी।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य है और यातायात भी सुचारू रूप से चल रहा है।