September 19,2026 Fact Recorder
National Desk: अयोध्या को चित्रकूट से जोड़ने वाले श्रीराम वन गमन मार्ग (NH-731A) में दरारें और निर्माण संबंधी खामियां सामने आने के बाद कार्रवाई का सिलसिला जारी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने अब स्वतंत्र अभियंता कंपनी एलएन मालवीय इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड, भोपाल को भी एक महीने के लिए निलंबित कर दिया है।
निलंबन की अवधि के दौरान कंपनी MoRTH, NHAI और केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित सड़क परियोजनाओं की बिडिंग प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकेगी।
अब तक चार कार्रवाई
राम वन गमन मार्ग के पैकेज-2 में निर्माण संबंधी खामियों के मामले में यह चौथी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले शासन ने लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय मार्ग), प्रयागराज के अधिशासी अभियंता को निलंबित किया था। वहीं अधीक्षण अभियंता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
इसके अलावा MoRTH ने दिल्ली की ठेकेदार कंपनी एसएंडपी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स, जो इस मार्ग के पैकेज-2 का निर्माण कर रही थी, को भी एक महीने के लिए अस्थायी रूप से निलंबित किया था।
मुख्यमंत्री योगी ने जताई थी नाराजगी
राम वन गमन मार्ग के क्षतिग्रस्त होने और निर्माण में खामियां सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में नाराजगी जताई थी। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
सड़क पर कई जगह सामने आईं खामियां
राम वन गमन मार्ग के ग्रीनफील्ड हाईवे के पैकेज-2 में फ्लाईओवर के एप्रोच और गैप में गड़बड़ी के अलावा करीब 1.5 किलोमीटर तक सड़क के किनारे की पटरी में दरारें सामने आई हैं। इसके साथ ही हाईवे के करीब 500 मीटर हिस्से में भी निर्माण संबंधी खामियां पाए जाने की जानकारी सामने आई है।
मंत्रालय और संबंधित विभागों की ओर से इन खामियों की जांच और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया के बीच कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।













