September 19,2026 Fact Recorder
Bollywood Desk: सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने नियमित रूप से नए अपडेट साझा करने का ऐलान किया था। इसी कड़ी में अब फिल्म से अभिनेता सूरज वेंजरामूडु का फर्स्ट लुक जारी किया गया है।
दिलीप के किरदार में नजर आएंगे सूरज
सन पिक्चर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सूरज वेंजरामूडु का लुक शेयर किया है। फिल्म में वह दिलीप नाम के किरदार में नजर आएंगे। करीब 35 सेकंड के वीडियो में उनका अंदाज काफी स्टाइलिश दिखाई देता है।
टीजर में सूरज कार से बाहर निकलते हैं और फिर कार के बोनट पर बैठकर सिगार पीते नजर आते हैं। उनका बेखौफ अंदाज, चेहरे के एक्सप्रेशन और स्क्रीन प्रेजेंस इस छोटे से वीडियो में ही ध्यान खींचते हैं। फर्स्ट लुक सामने आने के बाद फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
250 से ज्यादा फिल्मों में कर चुके हैं काम
सूरज वेंजरामूडु दक्षिण भारतीय सिनेमा का जाना-पहचाना नाम हैं। वह अपने लंबे फिल्मी करियर में 250 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। अब ‘जेलर 2’ में उनका नया किरदार दर्शकों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।
रजनीकांत फिर निभाएंगे लीड रोल
‘जेलर 2’ में रजनीकांत एक बार फिर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। फिल्म में रजनीकांत के साथ कई बड़े कलाकार नजर आएंगे, जिनमें सौबिन शाहिर, मिथुन चक्रवर्ती, राम्या कृष्णन, विद्या बालन, मिर्णा मेनन, जितिन सरन, योगी बाबू और सूरज वेंजरामूडु शामिल हैं।
फिल्म में कई चर्चित कलाकारों के कैमियो की भी चर्चा है। इनमें मोहनलाल, शिव राजकुमार, विजय सेतुपति, ऋतिक रोशन और विनायकन के नाम शामिल हैं।
रिलीज से पहले लगातार आएंगे अपडेट
मेकर्स ने फिल्म की रिलीज से पहले लगातार नए अपडेट और किरदारों के लुक सामने लाने की योजना बनाई है। ऐसे में आने वाले दिनों में ‘जेलर 2’ से जुड़े अन्य किरदारों और कंटेंट की झलक भी दर्शकों को देखने को मिल सकती है।













