Home Business Gold Silver Rate: सोना-चांदी के दाम में बड़ी गिरावट, चांदी 17 हजार...

Gold Silver Rate: सोना-चांदी के दाम में बड़ी गिरावट, चांदी 17 हजार रुपये तक टूटी

15 May 2026 Fact Recorder

Business Desk:  देशभर में सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर सोना और चांदी दोनों के दामों में तेज कमजोरी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सोना 3 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा टूट गया, जबकि चांदी में 17 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक की गिरावट दर्ज की गई।

सुबह करीब 11 बजे MCX पर 5 जून एक्सपायरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट की कीमत करीब 2,858 रुपये टूटकर 1,59,120 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वहीं चांदी के दाम 13,667 रुपये गिरकर 2,77,435 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए। इसके बाद भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा और कुछ ही देर में चांदी 17 हजार रुपये से अधिक सस्ती हो गई।

पिछले दिनों आई थी रिकॉर्ड तेजी

कुछ दिन पहले केंद्र सरकार द्वारा गोल्ड और सिल्वर पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के फैसले के बाद दोनों धातुओं की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला था। 13 मई को सोना एक ही दिन में करीब 11 हजार रुपये तक महंगा हो गया था, जबकि चांदी की कीमतें 3 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई थीं। हालांकि 14 मई को बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा और अब 15 मई को दोनों कीमती धातुओं में तेज गिरावट दर्ज की गई है।

रिटेल बाजार में भी सस्ता हुआ सोना-चांदी

वायदा बाजार के साथ-साथ रिटेल मार्केट में भी सोने और चांदी की कीमतों में भारी कमी आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोना करीब 2,820 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर 1,59,830 रुपये पर आ गया। वहीं चांदी 16,780 रुपये की गिरावट के साथ 2,74,980 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

भारत के प्रमुख शहरों में भी सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी और निवेशकों की मुनाफावसूली के कारण कीमती धातुओं में दबाव देखने को मिल रहा है।