06 May 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का वैश्विक टूर ‘ऑरा-2026’ विवादों में घिर गया है। खालिस्तान समर्थक संगठन सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू की कथित ध*मकी के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पन्नू ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि कनाडा में हुए विरोध के बाद अब अमेरिका में होने वाले दोसांझ के कार्यक्रमों में और ज्यादा विरोध देखने को मिल सकता है। यह विवाद वैंकूवर और कैलगरी में हुए लाइव कॉन्सर्ट के बाद शुरू हुआ, जहां कुछ प्रदर्शनकारियों ने खालिस्तान समर्थक झंडे लहराए और भारत विरोधी नारे लगाए।
कैलगरी शो के दौरान दिलजीत दोसांझ ने मंच से साफ कहा था कि वह किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने दर्शकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उनके कार्यक्रमों में परिवार और बुजुर्ग भी शामिल होते हैं, इसलिए माहौल खराब करने वालों को बाहर किया जाएगा।
पन्नू ने अपने बयान में दोसांझ के देशभक्ति से जुड़े बयानों और अमिताभ बच्चन के प्रति उनके सम्मान पर भी आपत्ति जताई। इसके जवाब में दिलजीत ने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हमेशा पंजाब और उससे जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं और अपनी पहचान पर गर्व करते हैं।
यह विवाद 23 अप्रैल को वैंकूवर में शुरू हुआ था, जब सुरक्षा कर्मियों को प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल से बाहर निकालना पड़ा। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि दिलजीत दोसांझ अपने अमेरिका दौरे की तैयारी में जुटे हैं।













