18 May 2026 Fact Recorder
International Desk: China के दक्षिणी शहर Liuzhou में सोमवार तड़के आए 5.2 तीव्रता के भूकंप ने भारी दहशत फैला दी। आधी रात को आए तेज झटकों से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कई लोग मलबे में फंस गए। राहत और बचाव दलों ने रात में ही अभियान शुरू कर दिया।
आधी रात को महसूस हुए तेज झटके
स्थानीय समयानुसार रात 12:21 बजे भूकंप आया। United States Geological Survey और चीन की भूकंप एजेंसी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 5.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। इसका केंद्र लिउझोऊ के लिउनान जिले में था और गहराई करीब 8 किलोमीटर बताई गई।
विशेषज्ञों के अनुसार कम गहराई वाले भूकंप ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं, क्योंकि इनके झटके सतह पर अधिक तीव्र महसूस होते हैं।
कई इमारतें ढहीं, लोग मलबे में दबे
भूकंप के समय अधिकतर लोग घरों में सो रहे थे। तेज झटकों के कारण इलाके में कई इमारतें ढह गईं और लोग मलबे में फंस गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है।
सरकारी मीडिया के अनुसार:
- चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है
- तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं
- करीब 7,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
भूकंप के तुरंत बाद राहत एजेंसियां सक्रिय हो गईं। देर रात तक 50 से ज्यादा फायर और रेस्क्यू वाहन तथा 300 से अधिक आपातकर्मी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस, दमकल और मेडिकल टीमें लगातार मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं।
कई सरकारी एजेंसियां अलर्ट
भूकंप के बाद चीन के आपदा प्रबंधन विभाग और राहत एजेंसियों ने इमरजेंसी सिस्टम सक्रिय कर दिया। प्रभावित इलाके में विशेष टीमें भेजी गई हैं और आफ्टरशॉक्स पर नजर रखी जा रही है।
हांगकांग तक महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके Hong Kong तक महसूस किए गए। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक कई लोगों ने कुछ सेकंड तक कंपन महसूस होने की जानकारी दी।
विशेषज्ञों का कहना है कि गुआंग्शी क्षेत्र आमतौर पर ज्यादा भूकंपीय गतिविधियों वाला इलाका नहीं माना जाता, इसलिए इस भूकंप और इससे हुई तबाही ने प्रशासन और स्थानीय लोगों को चौंका दिया है।













