Home Himachal उचित मूल्य की दुकानों पर राशन वितरण सुचारू रूप से जारी

उचित मूल्य की दुकानों पर राशन वितरण सुचारू रूप से जारी

मंडी, 25 नवंबर 2026 Fact Recorder

National Desk    :  खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, जिला मंडी ने सूचित किया है कि नई ई-पॉस मशीनों के परीक्षण और तकनीकी सुधार के कारण जिले की किसी भी उचित मूल्य की दुकान में राशन वितरण बंद नहीं किया गया है।

जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ब्रिजेन्द्र सिंह पठानिया की ओर से आज यहां बताया गया कि मंडी जिला की सभी उचित मूल्य की दुकानों पर राशन वितरण पूर्व की भांति सुचारू रूप से जारी है। जिले के सभी 3.30 लाख से अधिक राशन कार्डधारक अपना निर्धारित कोटा नियमित रूप से प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि नई ई-पॉस मशीनों के परीक्षण (ट्रायल) से वर्तमान राशन वितरण व्यवस्था पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई ई-पॉस मशीनों के परीक्षण और तकनीकी सुधार के कारण जिले के 872 डिपो में राशन की बिक्री अस्थायी रूप से बंद होने की सूचनाएं निराधार हैं और विभाग की ओर से राशन वितरण रोकने संबंधी ऐसा कोई भी निर्देश जारी नहीं किया गया है।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक प्रचार पर ध्यान न दें। यदि किसी डिपो धारक द्वारा राशन देने से मना किया जाता है, तो उपभोक्ता तुरंत संबंधित निरीक्षक या जिला नियंत्रक कार्यालय, मंडी में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।