18 July 2026 Fact Recorder
Bollywood Desk: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को सोशल मीडिया पर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से वायरल एक पोस्ट और कथित ऑडियो में अभिनेता को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। हालांकि, इन पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल संदेश में आमिर खान की हालिया शादी और ‘लव जिहाद’ जैसे आरोपों का उल्लेख करते हुए धमकी भरे शब्द लिखे गए हैं। मामले के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई हैं।
हाल के दिनों में आमिर खान अपनी तीसरी शादी को लेकर चर्चा में रहे हैं। इस दौरान उन पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए अभिनेता ने स्पष्ट किया था कि उनकी किसी भी पत्नी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया है और उनकी वर्तमान पत्नी गौरी स्प्रैट ईसाई समुदाय से संबंध रखती हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर कई फिल्मी हस्तियों, खासकर सलमान खान, को धमकियां मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि, आमिर खान से जुड़े वायरल पोस्ट और कथित ऑडियो की सत्यता की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।













