Home Hindi Zirakpur Accident: जीरकपुर में बड़ा सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से पलटी...

Zirakpur Accident: जीरकपुर में बड़ा सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से पलटी टूरिस्ट बस; 20 यात्री घायल

15 May 2026 Fact Recorder 

Punjab Desk:  ज़ीरकपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एयरपोर्ट लाइट्स के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने टूरिस्ट बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस मनाली से दिल्ली जा रही थी। जैसे ही बस जीरकपुर की छत लाइट्स और एयरपोर्ट लाइट्स के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क पर पलट गई।

बताया जा रहा है कि बस में करीब 45 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

सभी घायल यात्रियों को सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सेक्टर 32 में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, एक-दो यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

इस हादसे के कारण जीरकपुर छत लाइट्स इलाके में लंबे समय तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु करवाया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।