Home Entertainment Ameesha Patel Controversy: राजपाल यादव को जमानत, अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती...

Ameesha Patel Controversy: राजपाल यादव को जमानत, अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी

17 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  बॉलीवुड से जुड़ी कानूनी खबरों में बड़ा अपडेट सामने आया है। एक ओर जहां Rajpal Yadav को चेक बाउंस मामले में राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ Ameesha Patel की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुरादाबाद की अदालत ने करीब 10 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है और उन्हें 27 मार्च को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है।

यह मामला साल 2017 का बताया जा रहा है। मुरादाबाद के इवेंट मैनेजर पवन वर्मा ने आरोप लगाया था कि अमीषा पटेल ने एक शादी समारोह में डांस परफॉर्मेंस के लिए 11 लाख रुपये लिए, लेकिन कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं। शिकायत के मुताबिक, अभिनेत्री मुंबई से दिल्ली पहुंचीं जरूर, लेकिन वहां अतिरिक्त 2 लाख रुपये कैश की मांग की। जब आयोजकों ने यह मांग पूरी नहीं की, तो वह बिना परफॉर्म किए ही वापस लौट गईं।

बताया जा रहा है कि अमीषा ने पहले इस मामले में जमानत ले ली थी, लेकिन कोर्ट में पेश न होने और शर्तों का पालन न करने के कारण एसीजेएम-5 अदालत ने अब सख्त रुख अपनाया है।

वहीं दूसरी ओर, Delhi High Court ने राजपाल यादव को पुराने चेक बाउंस केस में 18 मार्च तक के लिए जमानत दे दी है। यह मामला उनकी फिल्म Ata Pata Lapata से जुड़ा है, जिसके निर्माण के लिए उन्होंने 2010 में करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। ब्याज और पेनाल्टी के बाद यह रकम लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी। कोर्ट के निर्देश पर उन्होंने 1.5 करोड़ रुपये जमा किए, जिसके बाद उन्हें राहत मिली।

दोनों ही मामले भले पुराने हों, लेकिन कानूनी प्रक्रिया अब तेज होती नजर आ रही है। जहां राजपाल यादव को अस्थायी राहत मिल गई है, वहीं अमीषा पटेल को अब मुरादाबाद कोर्ट में पेश होकर अपनी सफाई देनी होगी।