मोदी ने तोड़ा इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड: लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले दूसरे प्रधानमंत्री बने, अब नेहरू से 2048 दिन पीछे

25 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

National Desk: मोदी बने भारत के दूसरे सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री, इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड टूटा  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले दूसरे प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के 4077 दिनों (24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977) के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को पीएम मोदी ने 4078 दिन पूरे कर लिए हैं।

अब सिर्फ नेहरू से पीछे, 2048 दिन का फासलादेश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू अभी भी इस मामले में शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक लगातार 6126 दिनों तक देश की बागडोर संभाली। मोदी अब नेहरू से 2048 दिन पीछे हैं।

 नेहरू की बराबरी, रिकॉर्ड की ओर कदम                                                                                 पीएम मोदी तीन लगातार लोकसभा चुनाव—2014, 2019 और 2024—जीतने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं। इस मामले में उन्होंने नेहरू की बराबरी कर ली है। अगर वह 2029 में भी चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बनते हैं, तो वे नेहरू का सबसे लंबे कार्यकाल वाला रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं।

 24 वर्षों से निर्वाचित सरकार के मुखिया                                                                                  मोदी 2001 से 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री और 2014 से अब तक प्रधानमंत्री हैं। इस तरह वे केंद्र और राज्य में मिलाकर 24 साल से ज्यादा समय से लगातार किसी निर्वाचित सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। वे स्वतंत्र भारत में जन्मे पहले प्रधानमंत्री हैं और पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता भी हैं जिन्होंने लगातार दो पूर्ण कार्यकाल पूरे किए हैं।

लगातार 6 चुनावों में जीत का नेतृत्व                                                                                    सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मोदी अकेले ऐसे भारतीय नेता हैं जिन्होंने लगातार छह चुनावों में पार्टी का नेतृत्व किया और जीत दर्ज की—गुजरात विधानसभा चुनाव 2002, 2007, 2012 और लोकसभा चुनाव 2014, 2019, 2024। यह उपलब्धि उन्हें भारतीय राजनीति में एक अलग मुकाम पर खड़ा करती है।