rohtak cyber fraud 17 lakh instagram task telegram scam | रोहतक में युवक से 17.40 लाख ठगे: इंस्टाग्राम पर फोटो लाइक करने का टास्क, अलग-अलग खातों में जमा करवाए रुपए – Rohtak News

रोहतक के साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया।

रोहतक में एक युवक से टेलीग्राम टास्क के नाम पर 17 लाख 40 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज करते हुए ठगी के आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

विशाल नगर निवासी रोहित ने बताया कि 15 जनवरी को टेलीग्राम पर मैसेज आया था, जिसमें बैंक डिटेल मांगी गई। रोहित ने अपनी पत्नी संगीता की बैंक डिटेल भेज दी। इसके बाद उसे पैसे कमाने के लिए इंस्टाग्राम पर फोटो लाइक करने के टास्क दिए गए। टास्क पूरा कर स्क्रीन शॉट भेजे। शुरू में कुछ पैसे उनके पास आए। इसके बाद टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर वेबसाइट का लिंक भेजकर प्रीपेड टास्क करने को कहा।

रोहित ने बताया कि आरोपियों ने एक खाते की डिटेल भेजी, जिसमें 1000 रुपए डाल दिए। आरोपियों ने एक गारंटी एग्रीमेंट बनवाया। इसके बाद कभी 5 हजार, 15 हजार, 50 हजार रुपए जमा करवाते रहे। आरोपियों के कहे अनुसार, जब 10 लाख रुपए लगा दिए तो उसके वॉलेट में 15 लाख रुपए दिखने लगे।

खाते से नहीं निकले रुपए, 7 लाख 40 हजार और डलवाए रोहित ने बताया कि जब उसने अपने वॉलेट से पैसे निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। आरोपियों ने 10 लाख रुपए निकालने के लिए रिक्वेस्ट डलवाई। आरोपियों ने रुपए निकालने को लेकर कहा कि रिक्वेस्ट गलत डाल दी। पैसे निकालने के लिए 7 लाख 40 हजार रुपए ओर जमा करने पड़ेंगे। उसने पैसे जमा करवा दिए, लेकिन फिर भी पैसे नहीं निकले।

17 लाख 40 हजार की हुई ठगी रोहित ने बताया कि 15 जनवरी से 21 जनवरी तक कुल 17 लाख 40 हजार रुपए आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में जमा करवाए गए है। आरोपी उनसे ओर पैसों की डिमांड कर रहे थे। इस पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो साइबर थाना पुलिस को शिकायत दज गई। पीएसआई प्रतीक ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।