Nuh Zero Drop Out Mission Connecting Children School Doing Street Plays DC Motivation Update | नूंह में जीरो ड्रॉप आउट मिशन: नुक्कड़ नाटक कर बच्चों को स्कूल से जोड़ रहे, DC ने 10 का करवाया एडमिशन – Nuh News

सेमिनार में भाग लेते अध्यापक और जनप्रतिनिधि।

हरियाणा के नूंह जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की गई है। जिला प्रशासन ने ‘पढ़ेगा मेवात-बढ़ेगा मेवात’ थीम पर तालीम से तरक्की सेमिनार की शुरुआत की है, जिसका मुख्य उद्देश्य है स्कूली शिक्षा में ड्रॉप आउट रेट को शून्य करना।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के नेतृत्व में पुन्हाना में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा विभाग के अधिकारी, टीचर और पंचायत प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। टीचर और जनप्रतिनिधियों ने भी इस सेमिनार में जीरो ड्रॉप आउट मिशन को कामयाब बनाने के संबंध में अपने सुझाव दिए और हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने के अभियान को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करेगा प्रशासन जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चे भी पढ़ाई से वंचित नहीं रहने चाहिए। इसके लिए जिला प्रशासन उनका पूर्ण सहयोग करेगा। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने सभी का आह्वान किया कि वे बालिका शिक्षा पर विशेष ध्यान दें।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि लड़कियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके लिए नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां और अभिभावकों की काउंसलिंग की जाएगी।

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से शिक्षा के महत्व को बताया।

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से शिक्षा के महत्व को बताया।

उन्होंने उपस्थित शिक्षाविदों और जनप्रतिनिधियों से यह संकल्प लिया कि वे शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अपने स्तर पर पूरा योगदान देंगे। छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को प्रेरित किया जाएगा कि वे शिक्षा के महत्व को समझें और समाज में इसकी अलख जगाएं।

उपायुक्त ने कहा कि जीरो ड्रॉप आउट मिशन में जो सरपंच, ग्राम पंचायत उल्लेखनीय भूमिका निभाएंगे और चैंपियन की तरह कार्य करेंगे उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से शिक्षा के महत्व को बताया सेमिनार में लोक कलाकार अभिषेक राजपूत व टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनप्रतिनिधियों व सेमिनार में मौजूद लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति प्रेरित किया। इसी प्रकार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर द्वारा तैयार लघु फिल्म के माध्यम से भी शिक्षा का महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किया।

सेमिनार में शिक्षा और समाज सुधार से जुड़े अनेक विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षा न केवल व्यक्तिगत उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

गांव शाह चोखा में प्रवेश उत्सव के दूसरे चरण दाखिला कार्यक्रम का शुभारंभउपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने हरियाणा सरकार के जिला नूंह को जीरो ड्रॉप आउट बनाने के मिशन के अनुसार प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत बुधवार को राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल शाह चोखा में अपनी उपस्थिति में बाल वाटिका 3 में 10 बच्चों का दाखिला करवाया।

उपायुक्त ने बच्चों को फूलों की माला पहनाकर स्कूल में दाखिला लेने पर उनका स्वागत किया और उनको प्रतिदिन स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित किया। उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि स्कूल का पहला दिन हर व्यक्ति को जीवन भर याद रहता है। यह बच्चों के लिए उनके भविष्य की नींव रखने का पहला कदम है।

आज बच्चों को यह भी प्रण लेना चाहिए कि वह 12वीं कक्षा पास करने तक स्कूल नहीं छोड़ेंगे और न ही वह स्कूल से ड्रॉप आउट होंगे। सभी बच्चे स्कूल में मन लगाकर मेहनत के साथ पढ़ाई करेंगे तथा अपने माता-पिता का नाम रोशन करने के साथ अपना अच्छा भविष्य बनाने की मजबूत नींव तैयार करेंगे।