Sonipat: Police Seize 3 Kg Opium Worth Rs 15 Lakh at KMP Toll Plaza, One Arrested | सोनीपत में 15 लाख की अफीम जब्त: बहादुरगढ़ से ला रहा था नशा; KMP टोल पर पुलिस ने पकड़ा, कार जब्त – Gohana News

सोनीपत के खरखौदा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। केएमपी टोल प्लाजा के पास से पुलिस ने एक तस्कर को पकड़ा है। आरोपी के पास से 3 किलो 4 ग्राम अफीम बरामद हुई है। इसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है।

नारकोटिक्स सेल रोहतक के एएसआई संदीप के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर केएमपी टोल प्लाजा पर नाकाबंदी की थी। पुलिस ने एक सफेद वैगनआर कार को रोका। तलाशी में कार के डैशबोर्ड से 6 पारदर्शी मोमी थैलियों में अफीम बरामद हुई।

पकड़े गए आरोपी की पहचान सोनीपत के गढ़ी ब्राह्मणान निवासी सचिन के रूप में हुई है। पूरी कार्रवाई एईटीओ संदीप पुनिया की मौजूदगी में की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

खरखौदा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अफीम की सप्लाई चेन और अन्य साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बरामद माल और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।