Home Hindi CBSE नॉर्थ जोन तीरंदाजी चैंपियनशिप में श्रीनगर की सनाया भंडारी का जलवा,...

CBSE नॉर्थ जोन तीरंदाजी चैंपियनशिप में श्रीनगर की सनाया भंडारी का जलवा, 600 खिलाड़ियों के बीच जीते दो स्वर्ण पदक

24 July 2026 Fact Recorder

Sports Desk: उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल की उभरती तीरंदाज सनाया भंडारी (माही) ने सीबीएसई (CBSE) नॉर्थ जोन आर्चरी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। करीब 600 तीरंदाजों के बीच सनाया ने अपनी सटीक निशानेबाजी से सभी को प्रभावित करते हुए उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।

अंडर-14 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए सनाया ने इंडियन राउंड (70 मीटर और 30 मीटर) की सिंगल और डबल दोनों स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीतकर डबल गोल्ड का शानदार कारनामा किया। उनकी इस उपलब्धि ने श्रीनगर गढ़वाल ही नहीं, पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।

सनाया की इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक प्रतिभा धामी और कुलदीप बिष्ट का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दोनों कोचों के मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास की बदौलत उन्होंने अपनी तकनीक और प्रदर्शन में लगातार सुधार किया है।

यह सनाया की लगातार तीसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने मार्च 2025 में आंध्र प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद जून 2025 में नैनीताल में आयोजित राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था। वहीं नवंबर 2025 में अरुणाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भी उन्होंने राज्य का प्रतिनिधित्व किया।

सनाया भंडारी श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भंडारी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भंडारी की पुत्री हैं। उनकी लगातार मिल रही सफलताएं उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती हैं।

सनाया का सपना भविष्य में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीतना है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर मिलते रहे तो वह राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन कर सकती हैं। उनकी उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।