06 May 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: सोलन नगर निगम चुनाव में नामांकन छंटनी के दौरान भाजपा को बड़ा झटका लगा है। अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत के आधार पर वार्ड-3 से पार्टी प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया गया। इसके साथ ही दो निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन भी दस्तावेजों में कमी और आपत्तियों के चलते निरस्त कर दिए गए।
कुल 55 नामांकन पत्रों की जांच में 52 सही पाए गए हैं, जबकि तीन नामांकन रद्द हुए हैं। अब 6 मई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनावी तस्वीर साफ हो पाएगी।
वार्ड-3 से भाजपा प्रत्याशी पीयूष गर्ग का नामांकन सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत के चलते खारिज हुआ। वहीं वार्ड-10 से पार्टी से नाराज होकर चुनाव लड़ रहे विवेक डोभाल का नामांकन भी रद्द हो गया। इसके अलावा वार्ड-8 से एक निर्दलीय उम्मीदवार का नामांकन भी निरस्त किया गया है।
इस घटनाक्रम के बाद वार्ड-3 में भाजपा के पास कोई आधिकारिक उम्मीदवार नहीं बचा है, क्योंकि वहां पार्टी का कोई कवरिंग कैंडिडेट भी नहीं था। ऐसे में अब पार्टी के नाराज कार्यकर्ता गौरव भारद्वाज, जिन्होंने निर्दलीय के रूप में नामांकन भरा है, पर सबकी नजरें टिकी हैं। संभावना है कि पार्टी उन्हें समर्थन दे सकती है।
नगर निगम के 17 वार्डों में अब कुल 52 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें भाजपा और कांग्रेस के 34 प्रत्याशी और 18 निर्दलीय शामिल हैं। कई वार्डों में दोनों दलों के बागी उम्मीदवार भी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।
अब नाम वापसी के बाद ही यह तय होगा कि किन वार्डों में सीधा मुकाबला होगा और कहां त्रिकोणीय या बहुकोणीय टक्कर देखने को मिलेगी।













