Home Business AI सेक्टर में मेगा डील: एन्थ्रोपिक गूगल क्लाउड और चिप्स पर खर्चेगी...

AI सेक्टर में मेगा डील: एन्थ्रोपिक गूगल क्लाउड और चिप्स पर खर्चेगी 200 अरब डॉलर

06 May 2026 Fact Recorder 

Business Desk:  आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में एक बड़ी हलचल सामने आई है। AI स्टार्टअप Anthropic ने Google Cloud के साथ करीब 200 बिलियन डॉलर (लगभग 200 अरब डॉलर) की बड़ी डील करने का कमिटमेंट किया है। इस समझौते के तहत कंपनी अगले पांच वर्षों में क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और AI चिप्स पर भारी निवेश करेगी।

यह डील इस बात का संकेत है कि AI मॉडल्स को ट्रेन और चलाने के लिए अब पहले से कहीं ज्यादा कंप्यूटिंग पावर की जरूरत पड़ रही है। खासतौर पर एन्थ्रोपिक के Claude AI मॉडल्स की बढ़ती मांग के चलते कंपनी को बड़े स्तर पर क्लाउड क्षमता खरीदनी पड़ रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सौदा Alphabet Inc. के क्लाउड बैकलॉग का 40% से ज्यादा हिस्सा हो सकता है। बैकलॉग का मतलब उन कॉन्ट्रैक्ट्स से है, जिनसे भविष्य में कंपनी को राजस्व मिलने वाला है। इस खबर के बाद Alphabet के शेयरों में भी करीब 2% की तेजी देखी गई।

इससे पहले एन्थ्रोपिक ने गूगल और Broadcom के साथ भी समझौता किया था, जिसके तहत उसे बड़े पैमाने पर TPU (Tensor Processing Unit) कैपेसिटी मिलने वाली है, जिसकी शुरुआत 2027 से हो सकती है। खास बात यह है कि Alphabet खुद भी एन्थ्रोपिक में करीब 40 बिलियन डॉलर तक निवेश कर रही है, यानी दोनों कंपनियां साझेदार होने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी भी हैं।

ग्लोबल स्तर पर एन्थ्रोपिक और OpenAI जैसे बड़े खिलाड़ी अब क्लाउड प्रोवाइडर्स जैसे Amazon Web Services, Microsoft Azure और गूगल क्लाउड के लिए बड़े ग्राहक बन चुके हैं। इन कंपनियों के कॉन्ट्रैक्ट्स अब कुल क्लाउड बैकलॉग का आधे से ज्यादा हिस्सा बनाते हैं।

एन्थ्रोपिक लगातार अपनी कंप्यूटिंग क्षमता बढ़ाने के लिए नए समझौते कर रही है। हाल ही में कंपनी ने CoreWeave के साथ मल्टी-ईयर डील भी की है और साल के अंत तक अमेजन के चिप्स के जरिए करीब 1 गीगावॉट कैपेसिटी हासिल करने की योजना बनाई है।

यह मेगा डील साफ तौर पर दिखाती है कि आने वाले समय में AI सेक्टर में कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और चिप्स की भूमिका और भी अहम होने वाली है।