उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप, अगले तीन दिन और बढ़ेगा तापमान

22 April 2026 Fact Recorder

National Desk: उत्तर भारत में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित कई मैदानी राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 22 से 24 अप्रैल के बीच हालात और गंभीर हो सकते हैं तथा कई क्षेत्रों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

दिल्ली में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हरियाणा में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने यहां ‘गर्म रातों’ की स्थिति रहने की आशंका जताई है, जिसके चलते रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रह सकता है।

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में अगले चार से पांच दिनों तक शुष्क मौसम और भीषण गर्मी बनी रहने का अनुमान है। पंजाब में भी आसमान साफ रहेगा और तेज धूप के कारण लू चलने की संभावना है।

इसके विपरीत, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में 23 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा और चंडीगढ़ में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बिहार, ओडिशा और मध्य प्रदेश में बुधवार को विशेष रूप से लू को लेकर चेतावनी दी गई है।

इस बार गर्मी की स्थिति बेहद गंभीर मानी जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के 20 सबसे गर्म शहरों में से 19 भारत के हैं। बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कई शहर सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं। इस सूची में भारत के अलावा केवल नेपाल का लुंबिनी शहर शामिल है।

विशेषज्ञों के अनुसार इस असामान्य गर्मी का मुख्य कारण साफ आसमान और तेज धूप है। अप्रैल में सामान्य से अधिक सूर्य की किरणें सीधे जमीन तक पहुंच रही हैं, जिससे धरती की सतह तेजी से गर्म हो रही है। इसी कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और धूप से बचाव के उपाय करें।