Punjab 27 June 2026 Fact Recorder
Punjab Desk : देशभर में कमजोर मानसून और बारिश की कमी के बीच पंजाब के लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार जुलाई के पहले सप्ताह से मानसून फिर रफ्तार पकड़ सकता है और देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 27 जून से 1 जुलाई के बीच देश के कई इलाकों में बारिश हो सकती है, जबकि 2 से 8 जुलाई के दौरान मानसून और अधिक सक्रिय होने की उम्मीद है।
पंजाब में मानसून की पूरी तरह एंट्री के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, 27 से 29 जून के बीच राज्य के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
28 जून को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 29 जून को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में भी येलो अलर्ट रहेगा। इन जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल पंजाब में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। अगले कुछ दिनों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि पूरे राज्य में व्यापक मानसूनी बारिश जुलाई के पहले सप्ताह में शुरू हो सकती है।













