Home Hindi पंजाब ने वितरण में किया इज़ाफा: अब तक 21.29 लाख परिवारों को...

पंजाब ने वितरण में किया इज़ाफा: अब तक 21.29 लाख परिवारों को किया गया कवर

मेरी रसोई राशन किटों का वितरण और तेज हुआ

अब तक सबसे अधिक 2.29 लाख से अधिक राशन किटें लुधियाना में वितरित की गईं, 1.56 लाख के साथ पटियाला दूसरे और 1.36 लाख किटों के वितरण के साथ संगरूर तीसरे स्थान पर

चंडीगढ़, 4 जुलाई 2026 Fact Recorder

Punjab Desk: पंजाब सरकार ने कमज़ोर परिवारों के लिए पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने के मद्देनज़र अपनी चल रही राशन किट वितरण मुहिम ‘मेरी रसोई’ में तेज़ी लाई है, जिसके तहत लगभग 21.29 लाख परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। इस मुहिम का उद्देश्य हर तिमाही (3 महीनों) बाद पंजाब भर में कुल 40.48 लाख पात्र परिवारों को राशन किटें उपलब्ध करवाना है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी अगुआई और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क की सक्रिय निगरानी में इस महत्वपूर्ण पहल के तहत मिशन मोड पर राशन वितरित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन 80,000 से 85,000 किटें निर्धारित केंद्रों से लाभार्थियों तक पहुँचाई जा रही हैं।

गौरतलब है कि इस पहल के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को एक राशन किट प्रदान की जाती है, जो घर की आवश्यक खाद्य ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इसमें मासिक खपत के लिए दो किलो दाल, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल शामिल है। ये खाद्य किटें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत पात्र लाभार्थियों को पहले से वितरित की जा रही गेहूं के अतिरिक्त प्रदान की जा रही हैं।

राशन किटें मार्कफेड द्वारा तैयार की जाती हैं, जबकि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग प्रदेश भर में वितरण नेटवर्क की निगरानी करता है।

अब तक वितरित की गई 21.29 लाख राशन किटों में से लुधियाना 229,555 किटों के साथ सबसे आगे, पटियाला 156,402 के साथ दूसरे स्थान पर, संगरूर 136,430 किटों के साथ तीसरे स्थान पर, फाज़िल्का 121,647 के साथ चौथे स्थान पर है जबकि सीमावर्ती ज़िला तरनतारन 121,589 राशन किटों के वितरण के साथ पाँचवें स्थान पर है। इसके अलावा अमृतसर में 118,579 राशन किटें, बठिंडा में 114,105, श्री मुक्तसर साहिब में 109,045, जालंधर में 105,379, होशियारपुर में 86,710, मानसा में 80,591 किटें, गुरदासपुर में 80,344, फिरोज़पुर में 78,404, साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर में 71,238 किटें, फतेहगढ़ साहिब में 71,097, मोगा में 69,210, कपूरथला में 68,627, फरीदकोट में 60,937, बरनाला में 59,667, पठानकोट में 58,737, रूपनगर में 50,906, मलेरकोटला में 40,988 और शहीद भगत सिंह नगर में 38,838 राशन किटें वितरित की गई हैं।

इस पहल का उद्देश्य अनाज के साथ-साथ आवश्यक प्रोटीन, खाना पकाने का तेल और मसाले आदि पात्र लाभार्थियों की रसोई तक पहुँचाना है ताकि योजना के तहत कवर किए जा रहे परिवारों को संपूर्ण पोषणयुक्त भोजन प्राप्त हो सके।

वितरण संबंधी पूरी सक्रियता से निगरानी की जा रही है ताकि पारदर्शिता, मिलावटी वस्तुओं पर रोक और हर ज़रूरतमंद घर तक डिलीवरी सुनिश्चित की जा सके। ज़िला प्रशासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और स्थानीय अधिकारी इस लाभकारी उपक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

यह योजना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि कोई भी पात्र परिवार खाद्य सुरक्षा से वंचित न रहे। वर्तमान एन.एफ.एस.ए. गेहूं वितरण के साथ-साथ इन राशन किटों को शामिल करके सरकार द्वारा भुखमरी और पोषण दोनों मुद्दों को हल करने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है।